धमतरी। जिले के कुरूद में मंगलवार सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर पहले पुलिया से टकराई और इसके बाद सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए कुरूद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूजी 4898 सिवनीखुर्द से मजदूरों को लेकर गोबरा जा रही थी। कातलबोड़-कोकड़ी पुलिया के पास पहुंचने पर चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई। वाहन पुलिया से टकराने के बाद सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा।
हादसा इतना अचानक हुआ कि पिकअप में सवार मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिया से
टक्कर के दौरान वाहन में सवार कई मजदूर उछलकर नीचे जा गिरे। घटना में कई मजदूरों को चोटें आईं। हादसे के दौरान दो महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हुईं। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं वाहन से काफी दूर जा गिरीं, जिससे उन्हें सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद वाहन के आसपास चीख-पुकार मच गई। सड़क से गुजर रहे लोगों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों की मदद की।
हादसे में कुल 13 मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में पुरुष और महिला मजदूर शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए कुरूद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दो महिला मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए धमतरी रेफर किया गया है।










