महासमुंद। जिले में 01 से 15 सितम्बर तक अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता सप्ताह एवं साक्षरता पखवाड़ा के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रथम दिवस कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज समय-सीमा की बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षरता शपथ दिलाई। इस अवसर पर अधिकारियों ने शिक्षार्थियों को साक्षर बनाने तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
अधिकारियों ने शपथ ली कि वे उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जुड़कर शिक्षार्थियों को शिक्षा प्रदान करेंगे तथा कर्तव्यनिष्ठ भाव से कार्यक्रम में अपना योगदान देंगे। साथ ही शिक्षार्थियों को साक्षर बनाने के लिए अपने पूर्ण ज्ञान और कौशल का उपयोग करेंगे। शपथ के माध्यम से अधिकारियों ने लोगों को साक्षर बनने के लिए प्रेरित करने और देश के जन-जन को साक्षर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया। साथ ही साक्षरता पखवाड़े के प्रथम दिन जिले के समस्त कार्यालयों, स्कूलों, काॅलेजांे में उल्लास शपथ एवं नारा लेखन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।









