धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत 02 सितंबर को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने बाजार चौक, साप्ताहिक बाजार एवं ग्राम पंचायत स्तर पर पहुंचकर आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
साइबर ठगी से बचाव के बताए महत्वपूर्ण उपाय
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को OTP, UPI PIN, बैंक संबंधी जानकारी, फर्जी लिंक, QR कोड, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग एवं डिजिटल ठगी के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN या पासवर्ड साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
बाजारों और गांवों तक पहुंचा जागरूकता अभियान
अभियान के तहत थाना अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम मुजगहन एवं लोहरसी, थाना रुद्री क्षेत्र के ग्राम बेन्द्रानवागांव, थाना भखारा के साप्ताहिक बाजार, थाना मगरलोड के ग्राम गिरौद, चौकी करेली बड़ी के ग्राम कुण्डेल तथा थाना दुगली के ग्राम बांधा में पुलिस टीमों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बाजार आने वाले नागरिकों एवं आमजनों ने सहभागिता की। थाना भखारा के साप्ताहिक बाजार में लगभग 200 तथा थाना मगरलोड के ग्राम गिरौद में लगभग 100 से 150 लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष जोर
धमतरी पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा, बच्चों के अधिकार तथा गुड टच-बैड टच के संबंध में भी लोगों एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को किसी भी असहज या गलत व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने तथा तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
धमतरी पुलिस की अपील
साइबर अपराध से बचाव का सबसे मजबूत उपाय सतर्कता और जागरूकता है। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें, अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करें।









