धमतरी पुलिस ने महिलाओं, छात्राओं एवं नागरिकों को बताए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के गुर

धमतरी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय  के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी कुरूद, नगरी एवं डीएसपी साइबर के मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस द्वारा अभियान के चौथे सप्ताह में महिलाओं, छात्राओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

साइबर सुरक्षा की दिशा में पुलिस की प्रभावी पहल – जिले भर में व्यापक ‘साइबर जागृति अभियान’
06 सितंबर 2026 को डिजिटल अपराध एवं वित्तीय धोखाधड़ी की रोकथाम के उद्देश्य से धमतरी जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया गया। कोतवाली, रुद्री, करेली बड़ी, सिहावा, नगरी, भखारा, मगरलोड, मेचका, दुगली सहित 14 से अधिक क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में 1,100 से अधिक नागरिकों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।

पुलिस टीमों ने संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने के लिए जागरूक किया।

जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीमों ने नागरिकों को स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउज़िंग, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड, फर्जी वेबसाइटों की पहचान एवं संदिग्ध लिंक से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

महिलाओं एवं छात्राओं को फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन उत्पीड़न एवं अन्य साइबर अपराधों से बचने तथा किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

पुलिस ने नागरिकों को समझाइश दी कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण एवं पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें तथा किसी परिचित के नाम से पैसे मांगे जाने पर पहले व्यक्तिगत रूप से पुष्टि अवश्य करें।

साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने अथवा National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई, ताकि ठगी गई राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए समय पर प्रयास किया जा सके।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment