धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान तेज – महिलाओं, छात्राओं एवं नागरिकों को दिया “डिजिटल सुरक्षा का कवच”

धमतरी। साइबर अपराधियों के बढ़ते तरीकों के बीच “सतर्कता ही सुरक्षा है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के तहत पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में लगातार व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में 7 सितंबर  को अभियान के चौथे सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में 30 से अधिक गांवों, शैक्षणिक संस्थानों, बस स्टैंडों एवं प्रशासनिक परिसरों में पुलिस टीमों द्वारा पहुंचकर लगभग 1,435 से अधिक नागरिकों, ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

मोबाइल आपका है, सुरक्षा की जिम्मेदारी भी आपकी”
अभियान के दौरान विशेष रूप से महिलाओं एवं छात्राओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउज़िंग एवं सोशल मीडिया सुरक्षा की जानकारी दी गई। मजबूत पासवर्ड, प्राइवेसी सेटिंग्स, संदिग्ध लिंक एवं फर्जी प्रोफाइल की पहचान तथा ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के तरीकों के बारे में समझाइश दी गई।

पुलिस टीमों ने नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, स्क्रीन शेयर करने अथवा किसी के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

फर्जी प्रोफाइल और “दोस्त बनकर” ठगी से रहें सावधान
साइबर अपराधी परिचित, रिश्तेदार अथवा मित्र के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर पैसे मांग सकते हैं। ऐसी स्थिति में पहले व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन करें, उसके बाद ही कोई आर्थिक लेन-देन करें। किसी अनजान वेबसाइट या व्यक्ति को निजी जानकारी उपलब्ध न कराने की भी समझाइश दी गई।

ठगी होते ही पहला कदम—1930
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और देरी भी न करें। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा नजदीकी थाना/साइबर सेल को सूचना दें। साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर सूचना मिलने से ठगी की राशि को रोकने और आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment