कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र के धनपुर गांव में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान प्रिंसी के रूप में हुई है। वह भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी। शनिवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बस चालक संतोष यादव के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, सोनहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे थाने ले आई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।










