धमतरी। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मादक पदार्थ गांजा के विरुद्ध धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने बोराई नाके पर बस से 11.33 किलोग्राम गांजा जब्त कर मध्यप्रदेश के 2 अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी बोराई एवं थाना बोराई स्टाफ द्वारा बैरियर नाका बोराई के पास संदिग्ध वाहनों एवं यात्रियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से धमतरी की ओर आ रही यात्री बस क्रमांक CG 04 EA 2476 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों निखिल वर्मा निवासी सतवास, थाना सतवास, जिला देवास (म.प्र.), मोहित गोदरा निवासी गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास (म.प्र.) से 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बोराई में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है तथा गांजा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।








