Dhamtari: मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

जानकारी के अनुसार भानपूरी निवासी मनीष साहू की मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू एवं अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने मनीष को अपने झांसे में लेते हुए स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताया और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा पारिजात भवन (आवास) का आबंटन कराने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने मंत्रालय (महानदी भवन) ले जाकर बाहर खड़ा किया और भवन की कुल कीमत 14,12,000/- रुपये बताई। मनीष साहू से विभिन्न बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद माध्यमों से किश्तों में कुल 9,08,000/- रुपये ऐंठ लिए गए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए। जब मनीष साहू को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ और उसने रकम वापस मांगी, तो केवल 2,98,999 रुपये लौटाए गए तथा शेष बड़ी रकम हड़प ली गई। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

धमतरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों शशि प्रभा साहू, अमित कुमार देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment