धमतरी। जिले की भखारा पुलिस ने करोड़ों के बैंक गबन मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी व गबन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लैपटॉप व 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड जब्त किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार चरमुडिया निवासी प्रार्थी जुगलकिशोर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ‘NICT TECHNOLOGIES PVT. LTD.’ धमतरी ने थाना भखारा में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी की संस्था भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अनुबंध आधार पर कियोस्क (ग्राहक सेवा केंद्र) का संचालन कराती है। संस्था द्वारा ग्राम कोरा हेतु अनुबंध के तहत आरोपी केशव राम साहू को कियोस्क संचालक नियुक्त किया गया था। आरोपी कियोस्क संचालक केशव राम साहू द्वारा 27.08.2015 से 29.11.2025 के मध्य SBI के खाताधारकों के साथ बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन एवं कूटरचना करते हुए कुल 1,00,75,717 रुपये का आपराधिक न्यासभंग किया गया। प्रार्थी के आवेदन पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 102/2026, धारा 318(4), 338, 336(3) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान थाना भखारा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संदेही केशव राम साहू की पतासाजी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर कियोस्क सेंटर ग्राम कोरा से:1 लेनोवो (Lenovo) कंपनी का लैपटॉप, 29 हितग्राहियों के फिक्स डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए गए। आरोपी को आज न्यायालय कुरूद में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में पेश कर जेल भेजा गया है।









