कुरूद। धमतरी में वायरल वीडियो विवाद के मामले में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने जिला सत्र न्यायालय का रुख किया है। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का दावा पेश किया है।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को धमतरी के जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अजय चंद्राकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें दावा किया गया कि ध्वजारोहण समारोह में राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भाजपा का ध्वज फहराया गया है।
विधायक अजय चंद्राकर के मुताबिक संबंधित वीडियो मार्च 2026 में कुरुद में आयोजित भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का था, जिसमे पार्टी की व्यवस्था के तहत भाजपा का ध्वज फहराया गया था। घटना के समय भाजपा नेताओं ने संबंधित चैनल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। ,
अदालत में याचिका दायर करने के बाद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर ने अपने आधिकारिक सोशल मिडिया हैंडल से इस वीडियो को साझा कर उनकी राजनितिक और सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि फर्जी दावों और भ्रामक जानकारियों के प्रसार को रोकने के लिए कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।









