भिलाई। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी मामले से आरोपी कारोबारी सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी संपत्ति पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने भिलाई के जुनवानी स्थित सूर्या रेजिडेंसी के मकान नंबर A-1 को सील कर दिया। कार्रवाई तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में की गई।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम सोमवार को सूर्या रेजिडेंसी पहुंची थी। टीम ने कार्रवाई से पहले ढोल बजाकर मुनादी कराई और मौके पर मौजूद लोगों के सामने विभाग का नोटिस पढ़कर सुनाया। इसके बाद मकान का भौतिक कब्जा लेकर उसे सील कर दिया गया। मौके पर विभाग की ओर से सूचना बोर्ड भी लगाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिस संपत्ति पर कार्रवाई हुई, उसकी रजिस्ट्री मनीष उपाध्याय के नाम पर कराई गई थी। आयकर विभाग की बेनामी संपत्ति यूनिट ने जांच के दौरान इसे सूर्यकांत तिवारी से संबंधित कथित बेनामी संपत्ति के तौर पर चिन्हित किया था। मीडिया रिपोर्टों में भी इस कार्रवाई को बेनामी संपत्ति से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है।









