एन.आर.एम. शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता एवं हैंड्स-ऑन अभ्यास कार्यक्रम
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा फर्स्ट नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ एवं धमतरी जिला शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम के तहत एन.आर.एम. शासकीय कन्या महाविद्यालय, धमतरी में नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप के प्रति छात्राओं में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 150 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनिता राजपुरिया सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। इस दौरान छात्राओं को नवाचार एवं उद्यमिता की संभावनाओं, स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों तथा स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक एवं नवाचारी समाधान विकसित करने के संबंध में जानकारी दी गई।
स्टार्टअप और छत्तीसगढ़ स्टार्टअप नीति की दी जानकारी
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी के प्रबंधक प्रशांत चंद्राकर ने छात्राओं को स्टार्टअप की अवधारणा, उसकी कार्यप्रणाली तथा छत्तीसगढ़ स्टार्टअप नीति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने ‘सेवा फर्स्ट नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ में छात्राओं की सहभागिता की प्रक्रिया एवं प्रतियोगिता के उद्देश्यों की भी जानकारी दी। छात्राओं को दैनिक जीवन में सामने आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए नए एवं उपयोगी विचार प्रस्तुत करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
युवा धमतरी पोर्टल से अवसरों से जुड़ने की दी जानकारी
कार्यक्रम में सीजीएस नेटवर्क के उमेश महिलानी ने ‘युवा धमतरी पोर्टल’ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, रोजगार अथवा कौशल विकास से संबंधित अवसरों की तलाश कर रहे युवा पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी रुचि एवं आवश्यकता के अनुरूप संबंधित क्षेत्र में इंटरेस्ट शो कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
समस्या पहचान पर छात्राओं ने किया हैंड्स-ऑन अभ्यास
कार्यक्रम के दौरान उमेश महिलानी एवं स्टार्टअप मेंटर संजय पटेल द्वारा छात्राओं के लिए ‘प्रॉब्लम आइडेंटिफिकेशन’ पर आधारित हैंड्स-ऑन एक्सरसाइज कराया गया। इसमें छात्राओं ने अपने दैनिक जीवन एवं आसपास की समस्याओं की पहचान की, उनके कारणों को समझा तथा संभावित नवाचारी समाधानों पर विचार किया।
व्यावहारिक अभ्यास के दौरान छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार साझा किए। इससे उनमें रचनात्मक सोच, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की दिशा में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव विकसित हुआ।
नवाचार एवं उद्यमिता की ओर युवाओं को जोड़ना उद्देश्य
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में नवाचार, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान क्षमता एवं उद्यमिता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्टार्टअप, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ना रहा।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी द्वारा जिले के युवाओं एवं विद्यार्थियों को नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जागरूकता तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।










