धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 28 सितंबर 2026 को महारक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करना है।
महारक्तदान शिविर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं पुलिस लाइन में आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला चिकित्सालय धमतरी, सिविल अस्पताल कुरूद, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मगरलोड, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नगरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुजरा तथा पुलिस लाइन धमतरी में 28 सितंबर को रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं से इस जनहितकारी अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने और स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की है। रक्तदान को जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान बताते हुए पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने का आग्रह किया गया है।










