रायपुर। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है. महादेव घाट पुल पर करीब 2 फीट ऊपर पानी बहने की वजह से रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवाजाही बंद हो चुकी है.
शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक खारुन नदी बालोद जिला के गुरुर तहसील क्षेत्र से निकलने है. बीते तीन दिनों से प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ बालोद जिले में भी हो रही लगातार बारिश से खारून पूरी तरह से उफान पर है. गर्मी के दिनों में पलती धार बन जाने वाली इस नदी का बरसात में रौद्र रूप देखने के लिए न केवल रायपुर के महादेव घाट में बल्कि रायपुर-दुर्ग मार्ग पर खारून नदी के पुल के ऊपर बड़ी संख्या में लोग नजारा देखने के लिए पहुंच रहे हैं.
लगातार बारिश के बीच इस तरह से लोगों का पहुंचना चिंता पैदा करता है. हालांकि, महादेव घाट में लोगों को समझाइश देने पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद हैं, और लोगों को समझाइश भी दी जा रही हैं. लेकिन लोगों का उत्साह कम होता नजर नहीं आ रहा है.










