चंद्रसूर में बाढ़ के बीच फंसे दो व्यक्तियों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला

धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। जिले के सबसे बड़े जलाशय से कल दोपहर बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद महानदी तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हुई। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील एवं तटीय क्षेत्रों में पहले से ही अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क किया गया तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया।

इसी क्रम में आज चंद्रसूर क्षेत्र में बाढ़ के बीच फंसे दो व्यक्तियों की सूचना प्राप्त होने पर रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत प्रदान की। समय पर सूचना, त्वरित कार्रवाई और समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला जा सका।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है। प्रशासन, पुलिस, राजस्व, पंचायत एवं आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय हैं। राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment