अंबिकापुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. नेशनल हाइवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ रोड में सीतापुर के सेंट्रल बैंक के पास शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ. ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान त्रिलोक चंद गोयल (70 साल) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल बैंक के पास कारोबारी की उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौत हो गई. त्रिलोक चंद गोयल निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान के संचालक थे. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.








