युवा देश की रीढ़, अपनी प्रतिभा और ऊर्जा से राष्ट्र निर्माण में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका – सांसद रूपकुमारी चौधरी

महासमुंद । युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और ऊर्जा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित युवा उत्सव का आज गरिमामय शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद  रूपकुमारी चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर युवाओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली।

सांसद  रूपकुमारी चौधरी ने युवा उत्सव में शामिल सभी युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा उत्सव का नाम सुनते ही मन उत्साह और उल्लास से भर जाता है। हम सभी के भीतर विद्यार्थी भाव हमेशा जीवित रहना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। इससे युवाओं की छिपी प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पुरानी मान्यताओं और अनुभवों को वर्तमान समय के संदर्भ में भी देखना चाहिए। आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कैरियर निर्माण और अपनी पहचान स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। सरकार युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए विभिन्न अवसर और मंच उपलब्ध करा रही है।

सांसद ने कहा कि युवा उत्सव में आज छह अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को चयनित होकर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सीखना और आगे बढ़ना है। यहां कोई भी प्रतिभागी हारता नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति अपने साथ कोई न कोई नया अनुभव और सीख लेकर जाता है। इसलिए सभी युवा पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लें।

विधायक   योगेश्वर राजू सिन्हा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। युवाओं के पास ऊर्जा है, उत्साह है, नए विचार हैं और कुछ नया कर गुजरने का जज्बा है। युवा उत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामथ्र्य को पहचानने तथा उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का एक सशक्त मंच है। हमारे छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और कला से है। यहां के पंथी, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा और अन्य लोककलाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। आज इस युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।

आज देश प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत युवाओं की शक्ति के बल पर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जिले का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा को पहचाने, अपने लक्ष्य निर्धारित करे और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करे। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  येतराम साहू ने कहा कि युवाओं के बीच आकर उनसे मिलने पर नई ऊर्जा और उत्साह का एहसास होता है। युवा देश की रीढ़ और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को उठना चाहिए, जागना चाहिए और लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए।

कलेक्टर  विनय लंगेह ने अपने उद्बोधन में युवा उत्सव के उद्देश्यों एवं आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने युवाओं से सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा, सहित छह विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 300 युवा प्रतिभागी तथा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के संगतकार शामिल हुए।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment