महादेव सट्टा एप मामला : अब ईडी ने किया सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार, 7 दिन की मिली रिमांड

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में ईडी ने प्रमुख आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने 19 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया है।

जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर अब सात दिनों तक ईडी की हिरासत में रहेगा। इस दौरान ED उससे महादेव सट्टा एप से जुड़े वित्तीय लेन-देन, नेटवर्क और अन्य अहम पहलुओं को लेकर पूछताछ करेगी। ईडी की पूछताछ में कई बड़े खुलासे होंगे।जांच एजेंसी सौरभ चंद्राकर से सट्टा एप के संचालन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटा सकती है।

ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाया गया है। सौरभ और उसके एक अन्य सहयोगी रवि उप्पल ने दुबई स्थित मुख्य कार्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन किया। इसके लिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी बनाई गई थी।

हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई का आरोप
ईडी की 20 अक्टूबर 2023 की मुख्य शिकायत के अनुसार, इस सिंडिकेट की अनुमानित कमाई करीब 450 करोड़ रुपये प्रति माह थी। खिलाड़ियों से प्राप्त रकम अन्य लोगों के नाम पर संचालित बैंक खातों के जरिए भेजी जाती थी और हवाला के माध्यम से भारत से बाहर पहुंचाई जाती थी।

तीन साल से जारी थी तलाश
ईडी के मुताबिक, सितंबर 2023 में समन जारी होने के बावजूद सौरभ चंद्राकर जांच में शामिल नहीं हुआ और लगातार जांच एजेंसियों से बचता रहा। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट रहते हुए वानुअतु का पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत के सामने भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा तक किया था, जिसे लेकर भी जांच एजेंसियों ने सवाल उठाए।

ओमान से प्रत्यर्पण के जरिए लाया गया भारत
ईडी ने सौरभ की वापसी के लिए भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत कार्रवाई की। ओमान की मस्कट स्थित अपील अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया। भारतीय दूतावास से उसकी नागरिकता की पुष्टि होने के बाद नागरिकता संबंधी उसकी दलील खारिज कर दी गई। इसके बाद मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फर्जी यात्रा दस्तावेज के साथ बाहर जाने की कोशिश के दौरान उसे पकड़ा गया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम उसे 1 नवंबर 2026 को मस्कट से भारत लेकर आई।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment