धमतरी। जिले के अमलीडीह-भिराई मार्ग पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हुंडई कार अनियंत्रित होकर मील पत्थर से टकराने के बाद सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में कार सवार छह लोगों में से पांच गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल धमतरी में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सनौद क्षेत्र के ग्राम भिराई निवासी महेश निर्मलकर, तोरण साहू (पंचायत सचिव), ऐश कुमार, मुकेश साहू, विजय साहू और रोशन साहू किसी कार्य से कुर्रा (धमतरी) गए हुए थे। वापसी के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम भिराई से लगभग 400 मीटर पहले चालक महेश निर्मलकर वाहन से नियंत्रण खो बैठा,
कार पहले सड़क किनारे लगे मील पत्थर से टकराई और फिर सड़क पार कर पक्की नाली में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन वाहन से अलग होकर नाली में जा फंस गया। इसके बाद कार कई बार घूमते हुए सड़क के दूसरी ओर स्थित नाली किनारे लगे बांस के पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का अगला पहिया टूटकर निकल गया और ड्राइवर सीट तक जा पहुंचा।
घायलों को भेजा गया अस्पताल, हालात गंभीर
दुर्घटना के बाद सभी सवार कुछ समय के लिए अचेत हो गए थे। कुछ मिनट बाद मुकेश साहू को होश आया, जिन्होंने कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने में सफलता पाई। इसके बाद वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचे, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं अन्य पांच घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया।








