धमतरी…. धमतरी पुलिस ने श्यामतराई वनोपज जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक कार और एक पिकअप वाहन के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही थी. पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली, जहां 400 किलो से ज्यादा गांजा बरामद हुआ.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह वाहन जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहा था. अर्जुनी थाना पुलिस की टीम ने जांच के दौरान इस वाहन को पकड़ा. पिकअप वाहन में बेहद शातिराना तरीके से फोम के बीच गांजा के पैकेट छिपाकर रखे गए थे, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके. हालांकि पुलिस टीम की सतर्कता के चलते तस्करों की यह चाल नाकाम हो गई.
जानकारी के अनुसार करीब 96 पैकेट में भरा हुआ गांजा जब्त किया गया है. बरामद गांजे का कुल वजन 400 किलोग्राम से अधिक बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है. कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.








