मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद । रानी अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर महासमुंद स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और रानी अहिल्याबाई की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्बोधन भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू जी ने किया। उन्होंने रानी अहिल्याबाई होलकर जी के जीवन मूल्यों, उनके योगदान एवं इस आयोजन की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा, “रानी अहिल्याबाई भारतीय इतिहास की एक ऐसी महान विभूति हैं, जिन्होंने अपने शासनकाल में सेवा, समर्पण और न्याय के मूल्यों को स्थापित किया। उनकी जयंती हम सभी के लिए प्रेरणा का अवसर है।”
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा रायपुर संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही जी रहे, जिन्होंने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा, “होलकर साम्राज्य की महान शासिका रानी अहिल्याबाई केवल एक प्रशासिका नहीं थीं, वे समाज सुधारक, धार्मिक चेतना की संवाहक और जनकल्याण की प्रतीक थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया बल्कि धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए अनेक कार्य किए। देशभर में उन्होंने सैकड़ों मंदिर, धर्मशालाएं, कुएं और धर्मिक स्थल पुनर्निर्मित कराए, जो आज भी उनके सेवा भाव की गवाही देते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि रानी अहिल्याबाई का शासन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक रहा है। “आज के समय में उनकी तरह जनसेवा के भाव को अपनाकर ही हम सच्चे राष्ट्र निर्माण में सहभागी बन सकते हैं। महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा, “रानी अहिल्याबाई ने यह सिद्ध किया कि एक नारी न केवल घर बल्कि शासन और समाज को भी आदर्श रूप में संचालित कर सकती है। उन्होंने अपने शासन में गरीबों, किसानों, महिलाओं और धार्मिक स्थलों के हित में जो कार्य किए, वे अतुलनीय हैं। हमें उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू ने अपने वक्तव्य में कहा, “हमें गर्व है कि हम रानी अहिल्याबाई जैसी महान विभूति की जयंती मना रहे हैं। वे न्यायप्रियता, धर्मनिष्ठा और नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया और उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। छत्तीसगढ़ जैसे सांस्कृतिक राज्य में उनके आदर्शों को जनजागरण का माध्यम बनाना आवश्यक है।”
इस अवसर पर सरल कोरिया जी ने भी अपने विचार रखें.। इस आयोजन के संयोजक भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा , प्रदीप चंद्राकर जिन्होंने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। उन्होंने मंच संचालन करते हुए अतिथियों का स्वागत एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू सहित अनेक प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से आए कार्यकर्ताओं ने रानी अहिल्याबाई के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।