साइबर अपराध के विरुद्ध धमतरी पुलिस की मुहिम तेज – बैंकों में पहुंचकर नागरिकों को किया जागरूक

धमतरी । प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है।
इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में 25 अगस्त  को धमतरी पुलिस की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम लोहरसी स्थित HDFC बैंक, कुरूद के बैंक ऑफ बड़ौदा भांठागांव, भखारा के जिला सहकारी बैंक कोर्रा, मगरलोड के बैंक ऑफ बड़ौदा, बिरेझर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र जीजामगांव, करेली बड़ी के कृषि उपज मंडी सहकारी सोसायटी कुंडेल, नगरी के बैंक ऑफ बड़ौदा एवं सिहावा के कॉपरेटिव बैंक में पुलिस टीमों ने बैंक अधिकारी-कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया।

कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, डिजिटल अरेस्ट, KYC अपडेट, फर्जी लिंक एवं QR Code, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी एवं निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति विशेष रूप से सचेत किया गया। साथ ही किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा CYBERCRIME.GOV.IN के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

अभियान के तहत साइबर जागरूकता स्टैंडी एवं सेल्फी फ्रेम भी लगाए गए। नागरिकों को QR Code/लिंक स्कैन कर साइबर जागरूकता संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
“मैं जागरूक हूँ, आप भी जागरूक बनें।” छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुडें। लिंक क्लिक करें cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com या मेरी सेल्फी फ्रेम में दिए QR कोड़ को स्कैन कर ‘सेल्फी लें’ और अपने सोशल मीडिया में शेयर करें।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment