युवक की हत्या, कुछ ही घंटों के भीतर 4 नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur)के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर 4 नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इनमें से 3 नाबालिगों को बिलासपुर से और एक को रायपुर से पकड़ा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब सवा 11 बजे की है। पुरानी बस्ती पुलिस को अश्वनी नगर क्षेत्र में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक की पहचान अहमद रजा उर्फ बाबू के रूप में हुई।

पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए DCP वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती और ACCU की विशेष टीम गठित की गई। टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल कुछ नाबालिग रायपुर से बाहर निकलकर बिलासपुर की ओर गए हैं और ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहे हैं।

इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल RPF से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया। सूचना के आधार पर बिलासपुर में घेराबंदी और दबिश दी गई।
पुलिस की टीम ने बिलासपुर से 3 नाबालिगों को पकड़ लिया। वहीं रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक अन्य नाबालिग को भी पकड़ लिया गया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment