भालुओं के झुंड ने किया राहगीर पर हमला, गंभीर चोटें आई

कांकेर।  जिले में जंगली भालुओं के झुंड ने देर रात एक राहगीर पर हमला कर दिया। घटना चारामा ब्लॉक के हल्बा चौकी क्षेत्र के बड़ाटोला गांव की है। भालुओं के अचानक हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घायल युवक का कांकेर जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद से बड़ाटोला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, जेपरा निवासी मिथलेश गंगबेर सोमवार रात करीब 12 बजे बड़ाटोला क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना भालुओं के एक झुंड से हो गया। इससे पहले कि मिथलेश कुछ समझ पाते, भालुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले में मिथलेश के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। रात का समय होने के कारण आसपास तत्काल मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था। युवक ने बचाव के लिए जोर-जोर से चीखना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।

ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद भालुओं का झुंड वहां से जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल मिथलेश को संभाला और उसकी स्थिति की जानकारी ली। गंभीर चोटों को देखते हुए तत्काल संजीवनी 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक सहायता के बाद कांकेर जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, भालू के हमले के कारण युवक को गंभीर चोटें आई हैं।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment