दुर्ग। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ब्लड सैंपल लेकर रील बनाने वाली 3 महिला टेक्नीशियन को बर्खास्त कर दिया है। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज की ओर से नोटिस जारी कर जवाब मांगने के बाद बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है।
तीन महिला टेक्नीशियन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वे लैब के अंदर अलग-अलग तरह से रील बनाती नजर आ रही थी। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती दिखाई दे रही थी। एक और वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर मस्ती करती नजर आ रही थी।
वीडियो वायरल होने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। प ड्यूटी के समय लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस दौरान कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी। जवाब और मामले की जांच के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया है।
सीएस की नोटिस के बाद तीनों पर गिरी बर्खास्तगी की गाज
24 अगस्त को तीन महिला टेक्नीशियनों ने रील बनाई थी। यह वीडियो तकरीबन 5 दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। तीनों को सेवा से हटा दिया गया है।









