Dhamtari: शराब पीने से मना करने पर पत्नी पर जानलेवा हमला, आरोपी पति गिरफ्तार

धमतरी। शराब पीने से मना करने पर  पत्नी पर पति ने हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।  आरोपी पति को थाना मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जब्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार  2 सितंबर की रात ग्राम भैसमुंडी निवासी चम्मन लाल साहु शराब के नशे में अपने घर पहुंचा। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी किरण साहु से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों द्वारा तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम द्वारा घायल महिला को तत्काल सीएचसी मगरलोड पहुंचाया गया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना मगरलोड पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी चम्मन लाल साहु को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा को जब्त किया गया।आरोपी को   न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment