कुरूद क्षेत्र में 16 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण के लिए 35.87 करोड़ तथा धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग के 11.40 किलोमीटर हिस्से के लिए 81.44 करोड़ रुपये स्वीकृत
धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़, आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को सुगम एवं सुरक्षित सड़क संपर्क से जोड़ने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को कुल 117 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कुरूद क्षेत्र के 16 किलोमीटर मार्ग के लिए 35.87 करोड़ रुपये
कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरीया-कंडेल-भोथली-संबलपुर मार्ग के 16 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा पुल-पुलियों सहित निर्माण कार्य के लिए 35 करोड़ 87 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह कार्य वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल मद के अंतर्गत स्वीकृत हुआ है।
सड़क के उन्नयन से कुरूद क्षेत्र के अनेक गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा। ग्रामीणों को विकासखंड एवं जिला मुख्यालय, बाजार, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सहूलियत मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।
धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग के 11.40 किलोमीटर हिस्से के लिए 81.44 करोड़
वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग (मुख्य जिला मार्ग क्रमांक-243) के कुल 18.50 किलोमीटर में से 11.40 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, पुल-पुलियों सहित निर्माण कार्य के लिए 81 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
परियोजना के तहत किलोमीटर 1/2 से 5/10 तक 5 किलोमीटर लंबाई में 4-लेन तथा किलोमीटर 6/2 से 12/4 तक 6.40 किलोमीटर लंबाई में 2-लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क के उन्नयन से धमतरी शहर का गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र से संपर्क और बेहतर होगा। साथ ही क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए सड़क अधोसंरचना को मजबूत आधार मिलेगा।
कंडेल-देवपुर-छाती मार्ग बनेगा विकास और पर्यटन का नया संपर्क मार्ग
जिले में देवपुर-कंडेल-छाती मार्ग का टू-लेन निर्माण भी सड़क संपर्क के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है। इस मार्ग के विकसित होने से कंडेल, देवपुर और छाती क्षेत्र के बीच सीधा एवं बेहतर संपर्क स्थापित होगा तथा लोगों को आवागमन के लिए अतिरिक्त दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी। इससे समय और ईंधन की बचत के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कंडेल ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गांव है, जहां नहर सत्याग्रह जैसे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े गौरवपूर्ण प्रसंगों की स्मृतियां जुड़ी हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कंडेल आगमन से भी इस क्षेत्र का ऐतिहासिक महत्व बढ़ जाता है। वहीं देवपुर क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में कंडेल-देवपुर-छाती सड़क का बेहतर संपर्क पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार में सहायक होगा।
सड़क संपर्क से खुलेंगे विकास के नए अवसर
देवपुर-कंडेल-छाती मार्ग के टू-लेन विकास से क्षेत्र को प्रमुख मार्गों और बाजारों से बेहतर संपर्क मिलेगा। किसानों के लिए कृषि उपज का परिवहन आसान होगा तथा अस्पताल, महाविद्यालय और अन्य संस्थानों तक पहुंच सुगम होगी। साथ ही धमतरी-रायपुर कॉरिडोर से संपर्क मजबूत होने पर क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
यह मार्ग भविष्य में क्षेत्र के आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में विकसित हो सकता है। बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीण क्षेत्रों को बाजार, पर्यटन स्थलों और सेवा सुविधाओं से जोड़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
अगले दो वर्षों में करीब 12 महत्वपूर्ण सड़कों के उन्नयन की दिशा में कार्य
धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना के विस्तार को व्यापक विकास योजना के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। शहर में तीन फोरलेन सड़कें विकसित हो चुकी हैं, जबकि गौरव पथ के लिए भी प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण तथा टू-लेन और फोरलेन निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
जिले में आगामी दो वर्षों में लगभग 12 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन की योजना पर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में स्वीकृत हो रही परियोजनाएं इस व्यापक योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, उद्योग और व्यापार को गति देने वाली आधारभूत संरचना हैं। बेहतर सड़क संपर्क के माध्यम से धमतरी जिले के गांवों और शहरों को अधिक सशक्त आर्थिक नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के साथ धमतरी के शहरी स्वरूप में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। आधुनिक सड़क अधोसंरचना शहर की नई पहचान और व्यवस्थित विकास का आधार बनेगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क से लोगों को सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी और जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।







