Dhamtari: महिलाओं की छोटी संसद में उठेंगे गांव के बड़े सवाल, 9 सितंबर से 13 अक्टूबर तक संकुल स्तर पर होंगी जेंडर सभाएं

घरेलू हिंसा, नशामुक्ति से लेकर ग्रामसभा में महिलाओं की भागीदारी तक 20 मुद्दों पर होगी बहस; उत्कृष्ट टीमों को मिलेगा सम्मान

धमतरी। ग्रामीण महिलाओं को अपने अधिकारों, समस्याओं और सामाजिक सरोकारों पर खुलकर बोलने का मंच देने के लिए जिले के विकासखंडों के सभी संकुल स्तरीय संगठनों में ‘जेंडर सभा’ यानी महिलाओं की छोटी संसद का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये सभाएं 9 सितंबर से 13 अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित होंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक, कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर संवाद के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने का आत्मविश्वास विकसित करना है।
जेंडर सभा में महिलाओं को केवल श्रोता नहीं, बल्कि बहस और निर्णय की सहभागी बनाया जाएगा। निर्धारित 20 विषयों में से कम से कम पांच विषयों पर बहस, वाद-विवाद और विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इनमें घरेलू हिंसा, नशामुक्ति अभियान, ग्रामसभा में महिलाओं की भागीदारी और जीवन चक्र में जेंडर आधारित भेदभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा सांप-सीढ़ी, नुक्कड़ नाटक सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों के जरिए सामाजिक मुद्दों को सहज और प्रभावी ढंग से सामने लाया जाएगा।
इस पहल में महिलाओं को अपने गांव और परिवार से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने, अपनी बात रखने और समाधान के लिए सामूहिक रूप से आगे आने का अवसर मिलेगा। खासतौर पर घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों पर संवाद के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर रहेगा।
संकुल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में ब्लॉक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले संकुल को सम्मानित किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ संकुल आगे अक्टूबर मध्य में होने वाले जिला स्तरीय फाइनल में हिस्सा लेंगे।
यह आयोजन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत धमतरी एवं यूनिसेफ के माध्यम से कराया जा रहा है। पहल का मकसद ग्रामीण महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अपने अधिकारों और गांव के विकास से जुड़े फैसलों में प्रभावी भागीदारी निभाने वाली नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे लाना है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment