धमतरी। बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों की मेहनत की कमाई को साइबर ठगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में “साइबर जागृति अभियान” लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 4 सितंबर को जिले के 11 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 700 से अधिक नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
धमतरी पुलिस की टीमों ने हाट-बाजारों, बस स्टैंडों, ग्रामीण चौपालों, सामुदायिक भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आम नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं एवं ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और साइबर ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी दी।
विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम
थाना सिटी कोतवाली एवं थाना अर्जुनी: कोतवाली पुलिस ने इतवारी बाजार में व्यापारियों एवं ग्राहकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम शंकरदाह चौराहा में ग्रामीणों को जागरूक किया।
▪️ थाना कुरूद, रूद्री एवं भखारा: कुरूद पुलिस ने ग्राम उमरदा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। रूद्री पुलिस ने ग्राम बरारी तथा भखारा पुलिस ने सेमरा मोड़ बस स्टैंड में यात्रियों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
▪️ थाना मगरलोड एवं बिरेझर: मगरलोड पुलिस ने ग्राम छोटे करेली के सामुदायिक भवन तथा बिरेझर पुलिस ने ग्राम मुरा में पहुंचकर ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सावधान किया।
▪️ चौकी करेली बड़ी एवं थाना केरेगांव: चौकी करेली बड़ी पुलिस ने बुड़ेनी, चंद्रसुर, करेलीबड़ी, परेवाडीह एवं बनियातोरा में अभियान चलाकर लगभग 182 ग्रामीणों को जागरूक किया। केरेगांव पुलिस ने माकरदोना, माडमसिल्ली, बनरौद, केरेगांव बस स्टैंड एवं मारदरपोटी में 150 से अधिक लोगों को डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी।
▪️ थाना अकलाडोंगरी, थाना सिहावा एवं थाना दुगली: थाना अकलाडोंगरी पुलिस ने तिर्रा गंगा मैया सहकारी समिति मर्यादित में, सिहावा पुलिस ने पाईभाठा, घटुला एवं रतावा में तथा दुगली पुलिस ने साप्ताहिक बाजार दुगली एवं गट्टासिल्ली में आम नागरिकों से संवाद कर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस की अपील
पुलिस टीमों ने नागरिकों को विशेष रूप से समझाया कि OTP, UPI PIN, बैंक विवरण एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
▪️ अनजान नंबरों से आने वाले लॉटरी, रिवॉर्ड, नौकरी, बिजली बिल या KYC अपडेट संबंधी लिंक पर क्लिक न करें।
▪️ अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें और संदिग्ध ऐप को मोबाइल में इंस्टॉल न करें।
▪️ सोशल मीडिया पर प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखें तथा अनजान वीडियो कॉल एवं फ्रेंड रिक्वेस्ट से सावधान रहें।
▪️ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
एसपी धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।









