धमतरी। थाना सिटी कोतवाली एवं थाना भखारा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए 159 पौवा देशी शराब जब्त कर महिला समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
पॉइंटर भेजकर नयापारा में महिला शराब तस्कर को दबोचा
थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शीतला मंदिर गली, नयापारा में एक महिला घर के पीछे गली में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर आरक्षक को सादे कपड़ों में 200 रूपये का नोट देकर पॉइंटर (डमी ग्राहक) बनाकर भेजा गया। शराब बिक्री की पुष्टि होते ही पुलिस टीम एवं महिला पुलिस बल ने मौके पर घेराबंदी कर महिला आरोपी चित्ररेखा मानिकपुरी को धर दबोचा। आरोपी चित्ररेखा मानिकपुरी से 17 पौवा देशी प्लेन मदिरा, 32 पौवा देशी मसाला (रोमियो) मदिरा एवं 01 पौवा टेस्ट परचेज शराब, कुल 49 पौवा (8.82 बल्क लीटर)।
शराब, बिक्री रकम 400 रूपये एवं टेस्ट परचेज की रकम 200 रूपये जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 212/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
शराब भट्टी के पास 110 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना भखारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि देशी शराब भट्टी के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी प्रकाश साहू को अवैध शराब सहित रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी प्रकाश साहू से 110 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 108/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही करते हुए विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।










