धमतरी। मगरलोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 में 26 साल की युवती लता सिन्हा ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से पहले लता ने अपने माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। दोनों रातभर उसी कमरे में कैद रहे। उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी कि बेटी ने घर के हॉल में फांसी लगा ली है।
जानकारी के मुताबिक, घटना वाली रात घर में सब कुछ सामान्य था। परिवार ने साथ में खाना खाया था। इसके बाद माता-पिता कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान लता कमरे के पास आई और दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। माता-पिता ने आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला रातभर दोनों कमरे में बंद रहे।
सुबह रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से कमरे का ताला खुला तो सामने का दृश्य देखकर माता-पिता के होश उड़ गए। हॉल में लता फंदे पर लटकी मिली।
सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो माता-पिता ने फोन के जरिए रिश्तेदारों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उन्हें कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया है।रिश्तेदार घर पहुंचे। आसपास के ग्रामीण भी जुट गए। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और घर का मुख्य दरवाजा खोलने के बाद अंदर लगे ताले को तोड़ा गया। कमरे से बाहर निकलते ही माता-पिता हॉल की ओर पहुंचे। वहां उनकी बेटी लता फंदे पर लटकी हुई थी।










