कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को धर्मांतरण के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में आयोजित प्रार्थना सभा की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान होटल परिसर में विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में करीब 15 कमरे बुक कराए गए थे। इन कमरों में कोरबा जिले के लाफा, पाली और कटघोरा क्षेत्र से आए लगभग 40 लोग ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि होटल के कमरों की बुकिंग जॉन मसीह के नाम से कराई गई थी। होटल में ठहरे लोगों में करीब 10 हिंदू परिवारों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। होटल में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना मिलने के बाद धर्मांतरण की आशंका जताई गई। इसकी जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली, जिसके बाद वे होटल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद लोगों से प्रार्थना सभा और उनके होटल में ठहरने के उद्देश्य को लेकर सवाल किए।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के होटल पहुंचने के बाद परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटनाक्रम के वीडियो भी बनाए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाले घटनाक्रम और मारपीट की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।









