नवाचार, फसल विविधीकरण और उत्कृष्ट कृषि कार्य करने वाले किसानों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
धमतरी। प्रदेश के प्रतिष्ठित डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार इच्छुक किसान 31 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन उप संचालक कृषि एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र संबंधित कार्यालयों से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन के साथ अधिकतम दो पृष्ठों की सफलता की कहानी तथा संबंधित छायाचित्र एवं वीडियो सीडी संलग्न करना अनिवार्य होगा। पुरस्कार के लिए वही किसान पात्र होंगे जो पिछले 10 वर्षों से छत्तीसगढ़ में कृषि कार्य कर रहे हों, राज्य के मूल निवासी हों, उनकी कुल वार्षिक आय का कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा कृषि से प्राप्त होता हो तथा उन पर तकाबी, सिंचाई शुल्क या सहकारी बैंक का कालातीत ऋण बकाया न हो।
चयन प्रक्रिया में फसल विविधीकरण, उत्पादकता वृद्धि के लिए नवीन कृषि तकनीकों का उपयोग, अन्य किसानों को प्रेरित करने के प्रयास, पिछले तीन वर्षों की उत्पादकता, कृषि एवं सहयोगी क्षेत्रों में नवाचार, भूमि एवं जल संरक्षण तथा कृषि संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
कृषकों के आवेदन का सत्यापन विकासखंड स्तरीय छानबीन समिति द्वारा किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय समिति एवं राज्य स्तरीय जूरी द्वारा अंतिम चयन किया जाएगा। चयनित किसान को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।








